गणेश विसर्जन को लेकर नपा की तैयारी तेज, दो स्थानों पर बनाए विसर्जन कुंड

…. हेमन्त गर्ग……….

गणेश विसर्जन को लेकर नपा की तैयारी तेज, दो स्थानों पर बनाए विसर्जन कुंड
जुलूस मार्ग की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं से नदी में प्रतिमा विसर्जित नहीं करने की अपील
सेंधवा। गणेश उत्सव के समापन के साथ अब नगर में गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज हो गई हैं। अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले गणेश विसर्जन चल समारोह को देखते हुए नगर पालिका द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जुलूस मार्ग की साफ-सफाई के साथ मार्ग में मौजूद बाधाओं को हटाकर रास्ते को सुचारू बनाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि विसर्जन चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पालिका द्वारा गणेश प्रतिमाओं के व्यवस्थित एवं सुरक्षित विसर्जन के लिए शहर में दो स्थानों पर अस्थाई गणेश विसर्जन कुंड का निर्माण कराया गया है। इन कुंडों में श्रद्धालु अपने घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। नपा का उद्देश्य है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से हो और नदी तथा जलस्रोतों में प्रतिमाओं के विसर्जन से होने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को कम किया जा सके।
नपा से प्राप्त जानकारी के अनुसार निवाली रोड पर छोटे नाले के समीप तथा गोई नदी बारद्वारी क्षेत्र में विसर्जन कुंड तैयार किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान कई बार असावधानी के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन की व्यवस्था की गई है। निवाली रोड पर छोटे नाले तथा गोई नदी बारद्वारी क्षेत्र में विसर्जन कुंड बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित विसर्जन कुंड का ही उपयोग करें और सुरक्षा व्यवस्था में नगर पालिका का सहयोग करें।
नपा सीएमओ मधु चौधरी ने बताया कि गणेश विसर्जन को लेकर नगर पालिका द्वारा दो स्थानों पर कुंड बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन इन्हीं निर्धारित कुंडों में करें तथा नदी में प्रतिमा विसर्जित न करें। साथ ही नदी नाले के गहरे पानी में जाने पर रोक लगाई गई । कोई भी श्रद्धालु नदी नाले जहां पर पानी गहरा है वहां जाने पर रोक लगा दी गई है । उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा यह व्यवस्था की गई है।
सीएमओ चौधरी ने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले गणेश विसर्जन चल समारोह को लेकर जुलूस मार्ग की साफ-सफाई का कार्य भी कराया जा रहा है। मार्ग में जहां कहीं बाधा उत्पन्न करने वाली सामग्री है, उसे हटाकर रास्ते को सुचारू किया जा रहा है। साथ ही आवश्यक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि चल समारोह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
नगर पालिका द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें, नदी एवं अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषित न करें तथा नगर पालिका एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।