…. हेमन्त गर्ग………दिनेश गंज एकता संगठन के गणेश पंडाल में श्याम महाजन ने की पूजा-अर्चना
सेंधवा। नगर के प्रसिद्ध गणेश पंडालों में शामिल दिनेश गंज एकता संगठन, दारूगोदाम में गणेश उत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। यहां वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर की आकृति में आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है, जहां भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है।
गणेश दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन पंडाल पहुंचे। उन्होंने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर आरती की तथा नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर श्याम महाजन ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेश उत्सव हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व है, जो समाज में एकजुटता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। सार्वजनिक गणेश उत्सव के माध्यम से युवाओं और समाज की सहभागिता बढ़ती है तथा हमारी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।
दिनेश गंज एकता संगठन द्वारा गणेश उत्सव को लेकर पंडाल में विशेष सजावट की गई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन एवं आरती में शामिल हो रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, भाजपा नेता संजय यादव, भाजपा कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।