…. हेमन्त गर्ग………..सेंधवा पहुँचे अवधुत दादा गुरु के दर्शन करने नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव के निवास पर पहुँचे भक्त
गणेश चतुर्थी पर दादा गुरु ने नगर वन में रोपी त्रिवेणी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नगर वन को दादा गुरूजी ने दिया नाम सनातन वन
गणेश चतुर्थी पर दादा गुरु ने नगर वन में रोपी त्रिवेणी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नीम, वट और पीपल के पौधे रोपकर श्रद्धालुओं को दिया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का संदेश
सेंधवा। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को नर्मदा संत श्री दादा गुरु ने सेंधवा के नगर वन पहुंचकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत त्रिवेणी का पौधारोपण किया। उन्होंने नीम, वट एवं पीपल के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। इस अवसर पर पानसेमल विधायक श्याम वर्डे सहित नगर के जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
नर्मदा संत श्री दादा गुरु सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे नगर वन पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत नीम, वट एवं पीपल के पौधे रोपकर त्रिवेणी का पौधारोपण किया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। दादा गुरु ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में माँ को सृष्टि का आधार माना गया है और प्रकृति को भी हमने “माँ” का दर्जा दिया है। जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, उसी प्रकार वृक्ष हमें प्राणवायु, छाया, फल, औषधि और जीवन प्रदान करते हैं।
इसी भाव को आत्मसात करते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान हमें संदेश देता है कि हम अपनी माँ की स्मृति, सम्मान और आशीर्वाद के प्रतीक स्वरूप एक पौधा लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक अपने परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करें।
यह पौधा केवल मिट्टी में रोपा जाने वाला एक पौधा नहीं है, बल्कि यह माँ के प्रति सम्मान, आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है।
आज लगाया गया यह पौधा आने वाले वर्षों में एक विशाल वृक्ष का रूप लेगा और इसकी छांव में अनेक लोग विश्राम करेंगे। इसकी शाखाओं पर पक्षी बसेरा करेंगे और यह वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को जीवनदायी प्राणवायु प्रदान करेगा। पौधारोपण केवल एक पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर पानसेमल विधायक श्याम वर्डे ने भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक रूप से समाज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और नगर वन को हरा-भरा बनाने में सहयोग करने की अपील की।
दादा गुरु के साथ नगर के श्रद्धालु एवं समाजसेवियों ने भी नगर वन में पौधारोपण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की बात कही।
नपा अध्यक्ष के निवास पर किए दर्शन
इसके पूर्व सोमवार सुबह 11 बजे नर्मदा संत श्री दादा गुरु ने नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव के निवास पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किया गया तथा भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने दादा गुरु के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए।
दादा गुरु के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दर्शन के बाद दोपहर में नगर वन में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता संजय यादव, अरुण चौधरी, मोतीलाल चौधरी, जयंत शर्मा, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, छोटू चौधरी, प्रखर शर्मा, अनिल वाघ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।