सेंधवा के कपास के एक आढ़तिये पर सीसीआई खरीदी में करोड़ों की कथित गड़बड़ी के आरोप, जल्द होगा बड़ा खुलासा
सेंधवा के कपास आढ़तिये पर सीसीआई खरीदी में करोड़ों की कथित गड़बड़ी के आरोप, जल्द होगा बड़ा खुलासा
किसानों के दस्तावेजों के जरिए निमाड़ के ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों को लाभ पहुंचाने का मामला, उच्चस्तरीय शिकायत कर कार्रवाई की उठेगी मांग
सेंधवा। शहर के एक कपास आढ़तिये द्वारा भारतीय कपास निगम (सीसीआई) की सरकारी समर्थन मूल्य पर होने वाली कपास खरीदी में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं किए जाने का मामला सामने आने की तैयारी है। आरोप है कि बीते दो-तीन वर्षों से किसानों के दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर निमाड़ क्षेत्र सहित अन्य स्थानों के छोटे व्यापारियों के कपास को सीसीआई की खरीदी व्यवस्था के माध्यम से सरकारी निर्धारित दरों पर बिकवाया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सेंधवा के उक्त आढ़तिये द्वारा कथित तौर पर किसानों के दस्तावेज जुटाकर व्यापारियों के माल की बिक्री सीसीआई में करवाई जाती रही। इस पूरे मामले में बड़े स्तर पर आर्थिक अनियमितता और सरकारी खरीदी व्यवस्था के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
मामले को लेकर हमारी टीम को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं साक्ष्य हाथ लगे हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर इस कथित गड़बड़ी के माध्यम से करोड़ों रुपये के अनुचित आर्थिक लाभ का मामला उजागर हो सकता है।
जल्द होगा खुलासा, उच्चस्तर पर होगी शिकायत
हमारी टीम द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। साथ ही संबंधित आढ़तिये की कथित गैरकानूनी गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन को लेकर शासन एवं संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि किसानों के नाम पर संचालित सरकारी कपास खरीदी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।