*लायंस कान्वेंट स्कूल में श्री कृष्ण का जन्मोत्सव उल्लास के साथ मनाया
भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व श्री कृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लाह और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय को रंग-बिरंगे फूलों, झंडों
एवं आम्रपल्लवों से सजाया गया था जिससे वातावरण में भक्ति उल्लास की अनोखी छठा नजर आ रही थी। कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक परिधान पहने राधा-कृष्ण के पूजन और माखन मिश्री के भोग से हुआ। इस दौरान नर्सरी और प्राइमरी कक्षाओं के छोटे बच्चे भी राधा- कृष्ण गोप-गोपियां एवं बालकृष्ण के विविध रूपों में आकर्षक वेश भूषा धारण किए हुए बहुत सुन्दर लग रहे थे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंटर हाउस मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही जिसमें विद्यार्थियों को पारंपरिक गोविंदा अंदाज में हो ऊंचाई पर लटकी हुई मटकी को मानव पिरामिड बनाते हुए धीरे-धीरे शीर्ष तक पहुंच कर फोड़ना था। इसमें सीनियर वर्ग में नोबल हाउस तथा जूनियर वर्ग में आइडियल हाउस ने कम समय में मटकी फोड़ कर विजेता का खिताब पाया। इस दौरान छात्राओं ने भी मटकी फोड़ने में अपना दमखम दिखाया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य एल.जे. गिलासें ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कृष्ण का जीवन हमें प्रेम, त्याग, साहस तथा धर्म पर चलने की प्रेरणा देता है। क्लब अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर तायल एवं क्लब के पदाधिकारीयों ने भी विद्यार्थियों को श्री कृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दी।