लुटेरी दुल्हन और उसकी गैंग पुलिस के हत्तथे चढ़ी

…. हेमन्त गर्ग……….जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नागलवाड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शादी का झांसा देकर चांदी के आभूषण और लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत करीब एक लाख 73 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।

वीओ:

शादी का रिश्ता तय कर परिवार का भरोसा जीतना और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो जाना… बड़वानी पुलिस ने ऐसे ही एक कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का खुलासा किया है।

मामला नागलवाड़ी थाना क्षेत्र का है, जहां फरियादी से चांदी के आभूषण और 2 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की।

पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में धार, खरगोन और आसपास के इलाकों के रहने वाले लोग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंगा उर्फ सिंगालाल, अरुण बामने, राकेश चौहान, कालू परमार और कावेरीबाई के रूप में हुई है। कावेरीबाई, आरोपी अरुण बामने की पत्नी बताई गई है।

आरोपियों के कब्जे से 43 हजार रुपये नकद, करीब एक लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और करीब 30 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब एक लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।

संजय शर्मा चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शादी-ब्याह का प्रलोभन देकर लोगों से रकम ऐंठने और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा