नागपंचमी पर नागदेवता मंदिर का विधिवत लोकार्पण, विधिविधान से पूजन कर्म हुआ

महू। नागपंचमी के पावन अवसर पर कंपनी बाग स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में नवनिर्मित श्री नागदेवता मंदिर का विधिवत पूजन-अर्चन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर महू शहर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित कपिल शर्मा महाराज के मार्गदर्शन में विद्वान पंडितों की उपस्थिति में मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ नागदेवता की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई।

 

नागदेवता मंदिर के निर्माण से महू में श्रद्धालुओं को भगवान नागदेवता की पूजा-अर्चना के लिए एक विशेष धार्मिक स्थल प्राप्त हुआ है। बताया गया कि महू शहर में नागदेवता का स्वतंत्र मंदिर नहीं था। इसी आवश्यकता को देखते हुए पंडित कपिल शर्मा महाराज ने जयपुर से नागदेवता की प्रतिमाएं मंगवाकर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गईं तथा मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया।

 

मंदिर निर्माण में शैलेंद्र शुक्ला ने विशेष सहयोग प्रदान किया। नागपंचमी के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर नागदेवता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।

 

लोकार्पण एवं प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित दिनेश शर्मा, सचिव संजय पंडित, पवन जोशी, शैलेंद्र मिश्रा, डॉ. लकी खंडेलवाल, मनीष बियानी, रोहित यादव, उमेश शर्मा, बी.के. कौशल सहित समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

धार्मिक वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन से श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। उपस्थितजनों ने महू में नागदेवता मंदिर की स्थापना को धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके लिए पंडित कपिल शर्मा महाराज एवं मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।