कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सेंधवा विकासखंड के कामोद में शासकीय स्कूल और आश्रम का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सेंधवा विकासखंड के कामोद में शासकीय स्कूल और आश्रम का किया निरीक्षण

बड़वानी 03 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सेंधवा विकासखंड के कामोद क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक विद्यालय और शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक आश्रम पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया एवं विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।

शासकीय माध्यमिक विद्यालय कामोद का निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय कामोद की कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की पठन-पाठन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम, गणित तथा अन्य विषयों से जुड़े सवाल पूछे जैसे पाई का मान क्या है ? वर्तमान में कौन सा पाठ पढ़ाया जा रहा है? और गणित में बच्चे कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं ? इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर सवाल हल करवाकर उनकी दक्षता को परखा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिए कि कक्षाओं में पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाए और उसी निर्धारित समयानुसार पठन-पाठन सुनिश्चित हो। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा के स्तर को और अधिक बेहतर बनाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक और सख्त दिशा-निर्देश दिए।

शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक आश्रम का किया निरीक्षण

इसके पश्चात कलेक्टर ने सेंधवा विकासखंड के ही शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक आश्रम, कामोद का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने आश्रम में रह रहे बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक व्यवस्थाओं, आवासीय सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बच्चों से संवाद के दौरान उन्होंने यह भी जाना कि वे नियमित रूप से कहानियाँ पढ़ते हैं या नहीं। इसके साथ ही, गणित विषय के अंतर्गत बच्चों से ज्यामितीय आकृतियों के संबंध में सवाल पूछे, जिस पर विद्यार्थियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी । कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रम में बच्चों के रहन-सहन, खान-पान और पठन-पाठन में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की रखी जाएं।