2 मासूम बच्चों समेत माँ ने कुवे मे कूदकर की आत्महत्या

….हेमन्त गर्ग……..महिला ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर दी जान, तीनों की मौत

वरला। बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुगानी के रामजी फलिया में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां एक 24 वर्षीय महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, माया पति प्रदीप कनोजे (उम्र 24 वर्ष) अपनी 3 वर्षीय पुत्री और डेढ़ वर्षीय पुत्र को साथ लेकर गांव के एक कुएं पर पहुंची और तीनों ने कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के पति प्रदीप कनोजे लगभग दो माह पूर्व हुए सड़क हादसे के बाद से गंभीर रूप से बीमार अवस्था में घर पर थे। पुलिस फिलहाल इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं पारिवारिक या मानसिक तनाव के चलते महिला ने यह कदम तो नहीं उठाया। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए वरला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।