….हेमन्त गर्ग……पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलादसिंह पटेल ने किया पंच सरपंच से संवाद
बड़वानी -म.प्र. शासन के कैबिनेट मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग व श्रम विभाग श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार बड़वानी जिले के सेंधवा में स्थित लाइन्स कान्वेंट स्कूल के मीटिंग हॉल में पंच सरपंच संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित होकर क्षेत्र के पंच एवं सरपंचों से संवाद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा पंचायती राज व्यवस्था न केवल ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह एक ऐसी प्रणाली है जो भारतीय लोकतंत्र को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाती है। यह स्थानीय स्तर पर शासन की गुणवत्ता को बढ़ाता है, लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करता है, और समाज के कमजोर वर्गों को अपनी आवाज़ उठाने का अवसर प्रदान करता है। इसलिए पंचायती राज का महत्व देश के समग्र विकास में अत्यधिक है।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि ग्रामीण विकास के अपने पैमाने हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य ग्राम स्तरों तक सड़क पहुँच सुनिश्चित करना है जो कि सड़कें बहुत ही ज़रूरी एवं ग्राम के विकास की रीढ़ के समान होकर सभी नागरिकों के आवागमन एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को सुलभ बनाती है।
पंचायतों में सामुदायिकता का भाव होना चाहिए और पंचायतों के लिए पाँच वर्ष के लिए कौन-से कार्य करना है यह सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि तालाब, सड़क, बांध बनाने के लिए तकनीकी को ध्यान में रखकर बनाया जाए। पंचायतों में बेहतर रिकॉर्ड रखने का कार्य दूसरी संस्था नहीं कर सकती है। इस दौरान मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नये पंचायत भवन 3 मंजिला बनाये जा रहे हैं, जिसे ग्राम पंचायत द्वारा ही बनाया जाएगा। हर पंचायत के हैंडपंप का ऑडिट हो रहा है जहाँ भी हैण्डपम्प सूख गए हैं उसके हटाकर उनके स्थान पर रिचार्ज पिट का निर्माण किया जाएगा ताकि वर्षा का जल संग्रहित किया जा सके।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक बगिया माँ के नाम परियोजना शुरू की जाएगी। जो कि मनरेगा के माध्यम से पूरे प्रदेश में संचालित की जाएगी। इस परियोजना के अंतर्गत, स्वयं सहायता समूहों की 30,000 से अधिक पात्र महिलाओं की निजी भूमि पर 30 लाख से अधिक फलदार बागवानी पौधे लगाए जाएँगे। ये बगीचे उनकी आर्थिक समृद्धि का आधार बनेंगे। इस योजना के तहत, लाभार्थियों को पौधे, उर्वरक, गड्ढे खोदने के लिए श्रम सहायता, पौधों की सुरक्षा के लिए कंटीले तारों से बाड़ और सिंचाई के लिए पानी के टैंक उपलब्ध कराए जाएँगे। इसके अलावा, चयनित महिलाओं को बाग़ विकास का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
वही उन्होने पंच सरपंचों से यह भी कहा कि आप अपने ग्राम पंचायतों के सर्वे-सर्वा हो, यह गांव आपका है। आपको अपने तरीके से सोचना होगा, आपके पास पैसे की कमी नहीं है। लेकिन पैसे का सदुपयोग उपयोग कैसे करेंगे यह आपको सोचना होगा जिससे कि आपकी ग्राम पंचायतों का समुचित विकास होकर आदर्श पंचायते बन सके।
इस दौरान लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवन्त सिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय यादव, भाजपा उपाध्यक्ष श्री विकास आर्य, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, नगर पालिका सेंधवा अध्यक्ष श्रीमति बसंतीबाई यादव, जनपद पंचायत सेंधवा अध्यक्ष श्रीमती लता पटेल, एसडीएम सेंधवा श्री आशीष सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
Prev Post