….हेमंत गर्ग………*सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम*
*5 जल संरचनाओं को मिली स्वीकृति, 58 करोड़ से अधिक की लागत से होंगे निर्माण कार्य*
सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराने तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अंतरसिंह आर्य की अनुशंसा पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र में 5 प्रमुख तालाब एवं बेराज निर्माण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है तथा टेंडर स्वीकृति के पश्चात शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत कुल 58 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से जल संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। शीघ्र ही इन कार्यों का भूमि पूजन अनुसूचित जनजाति आयोग राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अंतरसिंह आर्य के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है—
दुगनी तालाब निर्माण – ₹ 35 करोड़ 55 लाख
कुंडिया तालाब निर्माण – ₹ 10 करोड़ 56 लाख
मालवण तालाब निर्माण – ₹ 4 करोड़ 23 लाख
थिंगली बेराज (फेज-2) – ₹ 4 करोड़ 46 लाख
काली कुंडी बेराज निर्माण – ₹ 3 करोड़ 60 लाख
इन सभी परियोजनाओं को तकनीकी स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद संबंधित विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब टेंडर स्वीकृति के पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
*किसानों को मिलेगा तीनों मौसम की फसल का लाभ*
इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा प्रवक्ता श्री सुनील अग्रवाल ने बताया कि इन जल परियोजनाओं के पूर्ण होने से सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के स्थायी साधन उपलब्ध होंगे। इससे किसान तीनों मौसम में फसल लेने में सक्षम होंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी, जीवन स्तर सुधरेगा तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
*आर्य बोले— किसान समृद्धि ही हमारा लक्ष्य*
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अंतरसिंह आर्य ने कहा कि
“सेंधवा क्षेत्र के किसान लंबे समय से सिंचाई सुविधा की मांग कर रहे थे। इन तालाबों एवं बेराजों के निर्माण से जल संकट दूर होगा और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान आत्मनिर्भर बने और क्षेत्र में विकास की नई धारा बहे।” उन्होंने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम शीघ्र आयोजित किया जाएगा, जिसके पश्चात निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रारंभ कराया जाएगा।
*बड़े पैमाने पर किसानों को मिलेगा लाभ*
इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा सिंचित रकबा बढ़ने से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह योजना सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी।