भव्य आयोजन, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

….हेमन्त गर्ग……….एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम का जमा रंग
संस्कार में ‘आनंदम 3.0’ का भव्य आयोजन,
बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
पानसेमल। संस्कार शिक्षा निकेतन, पानसेमल के वार्षिक उत्सव ‘आनंदम 3.0’ का भव्य एवं दिव्य आयोजन बुधवार सायंकाल गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। क्षेत्र की एकमात्र सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम संस्था में आयोजित इस उत्सव में शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक पूज्य श्रीमहंत स्वामी सदानंदजी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ संतश्री राजाराम दास जी महाराज, शिवानंदजी महाराज, स्वामी ब्रजवल्लभ दास जी, स्वामी जगमोहन दास जी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्याम बर्डे, पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर, जप अध्यक्ष श्रीमती शिला विनोद वसावे तथा वैष्णवी एमिनेंट के संचालक दिनेश शर्मा मौजूद रहे।
संस्था प्रांगण में सुसज्जित भव्य मंच से विद्यार्थियों ने लगभग दो दर्जन से अधिक सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की थीम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ को बच्चों ने नृत्य, नाट्य और संगीत के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। आतिश बाजी के साथ आधुनिक मंच पर नन्हें विद्यार्थियों से लेकर हाईस्कूल स्तर के बच्चों ने देशभक्ति, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता तथा कृष्ण लीला की सशक्त प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम में श्रीराम आगमन एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर आधारित प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं देश के शौर्य और बलिदान को दर्शाती ‘कश्मीर फाइल्स’ आधारित प्रस्तुति ने भारतीय सेना के पराक्रम और राष्ट्र की एकजुटता को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया, जिस पर दर्शकों ने करतल ध्वनि से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन और उत्कृष्ट मंचन में नृत्य निर्देशक रोहन पांचाल की टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में संस्था प्रबंधन के नीरज गुप्ता, शब्बीर राज, दीपक जोशी, हेमंत शर्मा, राकेश जाधव, शुभम पाटिल, संतोष पाटिल, प्राचार्य विकास सरोदे, उप प्राचार्य राहुल, सांस्कृतिक समिति के दीपक भदौरिया, रेखा जाधव तथा सतीश धीवरे सहित समस्त स्टाफ ने सराहनीय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन किरण भोईते एवं मंगला सरोदे के साथ स्कूली विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित पालकगण एवं गणमान्य नागरिकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कुल मिलाकर ‘आनंदम 3.0’ न केवल एक सांस्कृतिक उत्सव रहा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रप्रेम को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ।