…. हेमंत गर्ग…….सेंधवा नगर में 1 जनवरी से 7 जनवरी तक समाजसेवी स्व. विष्णुप्रसाद यादव की स्मृति में निंबार्काचार्य श्रीजी महाराज श्री श्यामशरण जी देवाचार्य सलेमाबाद के वाणी से आयोजित होने जा रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। नगर में धार्मिक वातावरण बनाने और कथा के भव्य शुभारंभ हेतु 1 जनवरी को राजराजेश्वर मंदिर से कथा स्थल तक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी क्रम में शोभायात्रा की सफल आयोजना के लिए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई यादव ने अपने निवास पर गायत्री परिवार के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की। बैठक में शोभायात्रा के मार्ग, अनुशासन, सजावट, झांकियों, ध्वनि व्यवस्था, स्वच्छता, जल व्यवस्था एवं सुरक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर जिम्मेदारियां तय की गईं।
शोभायात्रा को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए नगर के चार प्रमुख सामाजिक संगठनों को अलग–अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें गायत्री परिवार को समन्वय एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है। रानी सती दादी परिवार की ओर से श्रीमती रेखा गर्ग को व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपा गया है। अग्रवाल समाज से श्यामसुंदर तायल को शोभायात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं ब्राह्मण समाज से श्री गिरवर शर्मा को धार्मिक अनुष्ठानों एवं विधि–विधान संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई यादव ने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को सुदृढ़ करने का माध्यम है। शोभायात्रा के माध्यम से नगर में भक्तिमय वातावरण बनेगा और अधिक से अधिक लोग कथा से जुड़ेंगे। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि सात दिवसीय भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगरवासियों में कथा और शोभायात्रा को लेकर उत्साह का माहौल है। व्यवस्था को लेकर बैठक में नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव, गायत्री परिवार के महेश सोनी, बंटी पाटिल, दिलीप कानूनगो, पंकज पाटीदार, गुड्डू जायसवाल, अरुण चौधरी सहित अन्य मौजूद थे ।
Prev Post
Next Post