**बड़वानी जिले में “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” एवं “जनविश्वास अभियान” के अंतर्गत शिविर आयोजित,*
*आमजन को मिला योजनाओं का लाभ*
बड़वानी 03 अक्टूबर 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन बड़वानी के मार्गदर्शन में आज जिले के समस्त विकासखंडों में ग्रामीण स्तर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार” के तहत ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविरों एवं सेंधवा की शिवन्या एवं चाचरिया क्लस्टर की 22 पंचायतों में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया। सेवा सेतु अभियान प्रदेशव्यापी सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) का एक प्रमुख केंद्रीय घटक है।
*मौके पर मिला योजनाओं का लाभ*
शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर कृषकों, ग्रामीणजनों, श्रमिकों, महिलाओं, वंचितों और कमजोर वर्गों को शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की विवशता से मुक्त करना हैं। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा राजस्व विभाग की नागरिक सेवाओं के आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए गए और कई मामलों में त्वरित निराकरण व स्वीकृति प्रदान की गई।
अभियान के अंतर्गत जिले की 409 पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए जिसमें 20,827 आवेदन ( समाचार लिखे जाने तक) प्राप्त हुए। इनमें मुख्यतः प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना,प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं फ़ॉर्मर आईडी के आवेदन प्राप्त हुए। शिविरों में ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिविर स्थलों पर राजस्व सेवाओं, प्रमाण पत्रों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य जांच और विभिन्न विभागीय योजनाओं से जुड़े काउंटर बनाए गए थे, जहाँ अधिकारियों द्वारा तत्परता के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया।
*कल 04 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में होगा शिविर*
ग्रामीण स्तर के सफल आयोजन के पश्चात अब कल दिनांक 04 अक्टूबर 2026 (रविवार) को नगरीय क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों/जोन में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने बड़वानी जिले के समस्त नगरीय नागरिकों से अपील की है कि वे कल होने वाले इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।