मध्य प्रदेश की बिना परमिट बस महाराष्ट्र में पकड़ी गई

….हेमन्त गर्ग………बिना परमिट एमपी बस जब्त, आरटीओ की कार्रवाई

महाराष्ट्र के धुले के केंद्रीय बस स्टैंड से बिना वैध परमिट व आवश्यक दस्तावेजों के यात्री परिवहन कर रही मध्यप्रदेश नंबर एमपी 10 ZH 8288 निजी बस को विभागीय परिवहन अधिकारी दिलीप बंजारा के नेतृत्व में आरटीओ के संयुक्त दल ने विशेष जांच अभियान के दौरान जब्त किया। इस कार्रवाई से अवैध निजी बस संचालन के साथ एसटी बस स्टैंड में कथित ‘चिरीमिरी’ (रिश्वतखोरी) के आरोप फिर चर्चा में आ गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, मध्यप्रदेश की कुछ निजी बसें एक ही परमिट पर दो-दो वाहन चलाने का खेल कर रही हैं। आरोप है कि बस स्टैंड पर बस खड़ी करने और सवारियां भरने के लिए कथित रूप से नकद लेन-देन भी होता है। कर्मचारी संगठनों की शिकायतों के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

दिलीप बंजारा ने कहा कि विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना परमिट अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। एसटी, आरटीओ और पुलिस का संयुक्त दल नियमित जांच करेगा।

इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि वर्षों से कथित रूप से चल रहे इस अवैध कारोबार पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई और क्या इसे किसी का संरक्षण प्राप्त था। मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।