…. हेमन्त गर्ग……….लायंस क्लब सेंधवा की नवीन कार्यकारिणी का शपथ विधि समारोह संपन्न
लायंस वाद का मूल उद्देश्य सेवा है। सेवा कर्म यदि धर्म के लिए है तो कर्मफल निश्चय ही सफलता होगा। लायंस क्लब सेंधवा की लोकव्यापी सेवा गतिविधियों ने सेंधवा क्लब की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। यह विचार लायंस क्लब सेंधवा की सत्र 2026- 27 के संचालक मंडल की कार्यकारिणी के शपथ विधि समारोह में मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल क्लब मुंबई की प्रथम महिला ड्रिस्ट्रीक्ट गवर्नर भावना शाह ने व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सरस्वती एवं लायंस इंटरनेशनल क्लब के संस्थापक मेल्वीन जोन्स की प्रतिमा के पूजन माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात क्लब की परंपरानुसार ध्वज वंदन एवं विश्व शांति के लिए मौन हुआ। इस दौरान लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष गोपाल तायल ने अपने स्वागत उद्बोधन के साथ अतिथि परिचय दिया। इसके पश्चात लायंस क्लब के निवृत्तमान अध्यक्ष डॉ.अतुल पटेल ने अपने 2 वर्ष के अध्यक्षीय कार्यकाल की सेवा गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया एवं उन समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया जिनके कारण लायंस क्लब सेंधवा ने सेवा गतिविधियों का कीर्तिमान रच दिया था। इस अवसर पर लायंस इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी कुलभूषण मित्तल ने नवीन कार्यकारिणी के अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल, सचिव संजय अग्रवाल कोषाध्यक्ष पीयूष दुबे, प्रथम उपाध्यक्ष अजय झँवर, द्वितीय उपाध्यक्ष दीपक राजपाल, तृतीय उपाध्यक्ष डॉ. अतुल शाह, टेमर पंकज अग्रवाल तथा टेल्विस ट्विस्टर डॉ. अनूप सक्सेना के साथ संचालक मंडल के सदस्यों को अपने पद एवं कर्तव्य बोध की शपथ दिलाई एवं आगामी वर्ष के सेवा गतिविधियों के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएँ दी। इस दौरान निवृत्तमान अध्यक्ष डॉ.अतुल पटेल ने लायंस क्लब की प्रतीक “बेल” नवीन अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल को सौंप कर विधिवत पद और दायित्व सौंपे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल ने अपने उद्बोधन के दौरान आने वाले वर्ष में अपनी सेवा गतिविधियों की प्राथमिकताएँ निश्चित करते हुए कहा कि क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र सर्वोपरी रहेंगे। इस अवसर पर लायंस इंटरनेशनल क्लब के जिला 3233-G1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जयप्रकाश त्रिपाठी, प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राम जाट, जिला कैबिनेट सेक्रेटरी अनिल मोदी एवं धार, बड़वानी, राजपुर, खरगोन आदि क्लब के पदाधिकारीगण, लायंस क्लब के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारीगण सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक
उपस्थित रहे। अंत में लायंस कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य आशुवेन्द्र सिंह ने आयोजन में उपस्थित सभी अतिथि एवं क्लब पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।