सेंधवा भाजपा ने मनाया 47 वा स्थापना दिवस

…. हेमन्त गर्ग………भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस नगर पालिका जनसंपर्क कार्यालय में सोमवार को दोपहर 11 बजे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नपा अध्यक्ष द्वारा पार्टी ध्वज के पूजन से हुई। उन्होंने ध्वज पर पुष्पमाला अर्पित कर उसे नमन किया तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। उक्त जानकारी भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने दी।
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास संघर्ष, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी के गठन और पहले राष्ट्रीय अधिवेशन के समय अनेक वरिष्ठ नेता जैसे अंतरसिंह आर्य, एस. वीरा स्वामी और सुरेश गर्ग ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अधिवेशन में भाग लिया। उस समय संसाधनों की कमी के चलते कार्यकर्ता ट्रक में रेत भरकर उस पर गादी डालकर यात्रा करते हुए अधिवेशन में पहुंचे थे। उसी ऐतिहासिक अधिवेशन में अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय जनता पार्टी का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था।
वरिष्ठ भाजपा नेता विकास आर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि पार्टी आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आग्रह किया।
वहीं नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के कारण ही पार्टी निरंतर प्रगति कर रही है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर नगर विकास एवं जनसेवा में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी, संजय यादव, राहुल पवार, लक्ष्मी शर्मा, लता पटेल, छोटू चौधरी, विवेक छाबड़ा, गणेश राठौड़, ज्योत्सना दीवान, नंदा गुर्जर, किरण चौहान, प्रिया पवार, रामेश्वर पालीवाल, विवेक तिवारी, सुनील शर्मा, सुनील भिंडा, सचिन नाथ, सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं मिठाई वितरण के साथ हुआ।