सेंधवा में 40 किशोरी छात्राओं को लगाया टिका

….हेमन्त गर्ग……….सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत अभियान के तहत वैक्सीनेशन शुरू, 40 छात्राओं को लगाया गया टीका
नगर में ‘सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत’ एवं ‘सर्वाइकल कैंसर मुक्त मध्यप्रदेश’ बनाने के उद्देश्य से आज से विशेष वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत 14 एवं 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई जा रही है, जिससे उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित किया जा सके।
इसी क्रम में शहर के निजी शिक्षण संस्थान रघुवंश पब्लिक स्कूल में 40 छात्राओं को वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ किया गया।
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीएम आशीष, सीएमओ मधु चौधरी एवं तहसीलदार राहुल सोलंकी, उपयंत्री सचिन अलुने, विशाल जोशी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने वैक्सीनेशन कार्य का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर एसडीएम आशीष ने कहा कि सरकार का यह अभियान बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस वैक्सीन के लिए आगे लाएं और अभियान को सफल बनाएं।
वहीं सीएमओ मधु चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वैक्सीन सामान्यतः बाजार में निजी रूप से लगवाने पर लगभग 5000 रुपये तक की लागत आती है, लेकिन सरकार द्वारा इसे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह एचपीवी (Human Papillomavirus) वैक्सीन 9 से 14 वर्ष (विशेष रूप से 14-15 वर्ष) की बालिकाओं को दी जा रही है, जो भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है।
अभियान के तहत स्कूलों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभिभावकों एवं बालिकाओं को वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी देकर उन्हें प्रेरित कर रही हैं।
प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक बालिकाओं को इस वैक्सीन का लाभ देकर मध्यप्रदेश को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।