….हेमन्त गर्ग………सेंधवा में करोड़ों की फसल गायब होने के मामले ने पकड़ा नया मोड़, स्टार एग्री वेयरहाउसिंग कंपनी पर व्यापारियों के गंभीर आरोप
सेंधवा। सेंधवा स्थित स्टार एग्री वेयरहाउसिंग कंपनी से करोड़ों रुपये मूल्य की कपास, चना और अन्य कृषि उपज गायब होने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। प्रभावित व्यापारी कैलाश खंडेलवाल, निलेश खंडेलवाल और पीयूष खंडेलवाल ने कंपनी के अधिकारियों पर चोरी, गबन, धोखाधड़ी और बैंक को गुमराह करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी कृषि उपज बैंक ऋण प्रक्रिया के तहत स्टार एग्री वेयरहाउसिंग कंपनी में रखवाई थी। उनके अनुसार वेयरहाउस में जमा माल की सुरक्षा, ताला-चाबी और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की थी। ऐसे में यदि गोदाम से माल गायब हुआ है तो इसकी जवाबदेही भी कंपनी प्रबंधन की बनती है।
आवेदन में व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि करोड़ों रुपये की कृषि उपज रहस्यमय तरीके से गायब हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि मामले में बैंक को गलत जानकारी देकर गुमराह करने का प्रयास किया गया है। व्यापारियों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, स्टार एग्री वेयरहाउसिंग कंपनी की ओर से इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया गया है। कंपनी का कहना है कि उस पर लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं और पूरे मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आएगी।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्ष पहले भी अलग-अलग शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। अब व्यापारियों द्वारा नए आरोप लगाए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। पुलिस का कहना है कि सभी दस्तावेजों और शिकायतों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – कैलाश खंडेलवाल
रिपोर्टर -अरविंद कुशवाह सेंधवा