योग दिवस पर इंदौर में भव्य आयोजन

….हेमन्त गर्ग……इंदौर बना योग राजधानी: गोपुर चौराहे पर हजारों नागरिकों के साथ हुआ भव्य योग अभ्यास*

*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया, नगरीय मंत्री विजयवर्गीय, महापौर भार्गव और अभिनेत्री अदा शर्मा ने साझा किया मंच*

*योग मित्र अभियान के माध्यम से 85 वार्डों तक पहुंचा योग, इंदौर को योग में भी नंबर वन बनाने का संकल्प*

इंदौर। शनिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में इंदौर नगर निगम द्वारा योग मित्र अभियान के अंतर्गत गोपुर चौराहे पर आयोजित भव्य योग सत्र में हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिमझिम बारिश के बीच हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और फिल्म अभिनेत्री अदा शर्मा ने एक साथ मंच साझा करते हुए नागरिकों के साथ योग अभ्यास किया।

*काल भैरव अष्टक और ओम् उच्चारण से सजी आध्यात्मिक सुबह*

कार्यक्रम की शुरुआत अभिनेत्री अदा शर्मा द्वारा काल भैरव अष्टक के वाचन से हुई, जिसके बाद ओम् उच्चारण और विभिन्न योग आसनों के साथ सामूहिक योग का आयोजन हुआ। बारिश के बावजूद हजारों नागरिकों की भागीदारी ने इस आयोजन को अभूतपूर्व बना दिया।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा *”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग को आज वैश्विक पहचान मिली है। इंदौर जैसे शहरों में इतनी बड़ी भागीदारी देखकर गर्व होता है। योग आत्मा और शरीर का संतुलन है और यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।”*

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा *”इंदौर नगर निगम द्वारा संचालित योग मित्र अभियान ने योग को घर-घर और गली-गली तक पहुंचाया है। योग आत्मा को परमात्मा से जोड़ता है और स्वस्थ समाज की नींव रखता है।”*

महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा *”शहर के 85 वार्डों में प्रशिक्षित योग मित्र प्रतिदिन योग अभ्यास करवा रहे हैं। हमारा संकल्प है कि इंदौर केवल स्वच्छता में ही नहीं, योग के क्षेत्र में भी देश में नंबर वन बने।”*

*विविध उपस्थिति और विशेष आकर्षण*

इस अवसर पर विधायक मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर परिषद सदस्य अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, मनीष शर्मा, सचेतक कमल वाघेला, पार्षदगण, आरोग्य भारती की टीम, छत्तीसगढ़ से पधारे महापौरगण, योग प्रशिक्षक, और विशेष बच्चों व नारीशक्ति की प्रस्तुति इस आयोजन की शोभा बढ़ाने उपस्थित रही।

कार्यक्रम में शस्त्र-चालन प्रदर्शन, विशेष योगाभ्यास, तथा नारीशक्ति का आत्मबल भी केंद्र में रहे।

*गौपुर से वैशाली चौराहे तक सौंदर्यीकरण का भूमिपूजन*

योग दिवस के उपलक्ष्य में ही गौपुर चौराहा से वैशाली चौराहा तक ₹1.74 करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन माननीय कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया। इस अवसर पर राघवेंद्र गौतम, अभिषेक बबलू शर्मा, राकेश जैन, तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

महापौर ने कहा कि योग मित्र अभियान के माध्यम से इंदौर ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि यह शहर केवल सफाई में ही नहीं, जनभागीदारी, स्वास्थ्य, और संस्कृति के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस न केवल शारीरिक व्यायाम, बल्कि आत्म-संयम, आत्मज्ञान और संतुलित जीवन का प्रतीक बना।
इंदौर नगर निगम की ओर से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए निरंतर प्रेरित करने का यह अभियान आने वाले समय में और व्यापक रूप लेगा।