गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

…. हेमंत गर्ग………जिले में घरेलू गैस सिलेंडर,पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता,आम उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं – कलेक्टर*

——–
*कलेक्टर की अध्यक्षता में घरेलू गैस एवं ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा*
*सभी नागरिकों से घरेलू गैस एवं ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग एवं पैनिक बुकिंग न करने की अपील*

बड़वानी 13 मार्च 2026/जिले में घरेलू रसोई गैस सहित ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है,उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में जिले में घरेलू गैस एवं ईंधन की निर्बाध आपूर्ति हेतु जिले के घरेलू गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों,पेट्रोल पंप संचालकों एवं केटरिंग असोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीपीसीएल, एचपीसीएल,आईओसीएल एजेंसियों के प्रतिनिधि वीडियो काँफ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर एवं ईंधन वितरण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होने घरेलू गैस वितरक कंपनियों के प्रतिनिधियों को बफर स्टॉक रखने एवं प्रतिदिन मूल्यांकन कर माँग और वितरण की व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री भरत सिंह जमरे द्वारा बताया गया कि सभी गैस एजेंसी संचालक पंजीकृत उपभोक्ताओं को उनके द्वारा की गई बुकिंग के अनुरूप ही रिफिल प्रदाय करेंगे। रिफ़िल बुकिंग की वरीयता अनुसार ही सिलेंडर का प्रदाय सुनिश्चित किया जाए अर्थात दिनांक एक से पांच तक की बुकिंग में सर्वप्रथम एक तारीख वाले हितग्राही को पश्चात् दो तारीख वालों को इसी तरह वरीयता सुनिश्चित की जाये। गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने हेतु मांग समय पर कंपनी को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही डिलिवरी बॉय की मॉनिटरिंग की जाए ताकि पात्र हितग्राहियों को ही सिलेंडर रेफिल की सुविधा प्राप्त हो सके। ऑयल कंपनियों द्वारा शहरी क्षेत्रो में सिलेंडर की अगली बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह समय सीमा 45 दिन निर्धारित की गई है।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित है। इसलिए होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अस्थायी रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन, इंफ्रारेड इलेक्ट्रिक कॉइल जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
कलेक्टर श्री सिंह ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की कालाबाजारी नहीं होने दी जाए। यदि होटल या अन्य व्यवसायों को घरेलू सिलेंडर दिए जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों को घरेलू गैस एवं ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग एवं पैनिक बुकिंग न करने अपील की है। घरेलू गैस वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था को और मजबूत कर ,इससे जुड़ी कंपनियां भी सर्वर आदि की क्षमता में सुधार कर रही हैं जिससे रिफिल बुकिंग,ओटीपी जनरेशन और वितरण बिना असुविधा के सुनिश्चित किया जा सके। पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन कामो में गैस ज्यादा खर्च होती है उनको नियंत्रित करने एवं विकल्प तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाए।