नागलवाड़ी मे पहली बार मप्र केबिनेट मुख्यमंत्री होंगे शामिल अधिकारीयों ने संभाला मोर्चा

…. हेमन्त गर्ग………………….नागलवाड़ी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, कमिश्नर-आईजी ने किया स्थल निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक

जिला बड़वानी के नागलवाड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में इंदौर संभाग के कमिश्नर श्री सुदाम खोड़े एवं आईजी श्री अनुराग ने आज नागलवाड़ी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान हेलीपेड, मंच व्यवस्था, बैठक स्थल, पार्किंग, आवागमन मार्ग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जा सकें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत शिखर धाम नागलवाड़ी में दर्शन एवं जुलवानिया में आयोजित भगोरिया पर्व में सहभागिता निर्धारित है। साथ ही नागलवाड़ी में कृषि कैबिनेट बैठक आयोजित होने की संभावना को देखते हुए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
निरीक्षण उपरांत कमिश्नर, आईजी, डीआईजी, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली एवं वीआईपी सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं सुचारू संचालन हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अमला पूर्णतः सतर्क एवं सक्रिय है तथा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के आगमन पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित कर ली जाएंगी, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारीगण
इंदौर संभाग के कमिश्नर सुदाम खोड़े, आईजी अनुराग, डीआईजी निमाड़ रेंज खरगोन  सिद्धार्थ बहुगुणा, कलेक्टर बड़वानी श्रीमती जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक खरगोन रवींद्र वर्मा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी धीरज बब्बर, अनुविभागीय दण्डाधिकारी सेंधवा  आशीष सिंह, अपर कलेक्टर सोहन कनाश, एसडीएम राजपुर  कुमार सानू देवढिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सेंधवा अजय वाघमारे, तहसीलदार सेंधवा राहुल सोलंकी, तहसीलदार राजपुर गणपत डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, यातायात थाना प्रभारी  विनोद बघेल, थाना प्रभारी नागलवाड़ी माधव सिंह ठाकुर सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।